कोलकाता में 7वें बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा कि अगले 3 साल में 20,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने मंगलवार को कहा कि उनकी कंपनी पश्चिम बंगाल में अगले 3 साल में 20,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी. यह निवेश रिटेल, टेलिकॉम और जैव ऊर्जा क्षेत्र में किया जाएगा. मुकेश अंबानी ने यह ऐलान कोलकाता में चल रहे 7वें बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में किया. उन्होंने कहा, ‘‘रिलायंस इंडस्ट्रीज की अगले तीन साल में पश्चिम बंगाल में 20,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की योजना है. रिलायंस बंगाल के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगा. ’’
मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अब तक बंगाल में करीब 45,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है. उन्होंने कहा कि रिलायंस की टेलिकॉम यूनिट, जियो 5G को राज्य के हर कोने तक ले जाया जा रहा है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ा जा रहा है. बंगाल के ज्यादातर हिस्सों को इसके दायरे में शामिल कर लिया गया है. जियो का नेटवर्क राज्य में 98.8 प्रतिशत और कोलकाता टेलिकॉम सर्किल में 100 प्रतिशत आबादी को कवर करता है.
रिलायंस इंडस्ट्रीज बंगाल में जारी रखेगी निवेश
मुकेश अंबानी ने कहा कि पिछले 4 वर्षों में पश्चिम बंगाल ने लगातार कई उपलब्धि हासिल की हैं. राज्य में विकास की गति बढ़ी है और कारोबार व निवेश के अवसर बढ़े हैं. बंगाल आज बुलंदियों पर खड़ा है इसलिए मैं आश्वस्त हूं कि भविष्य में बंगाल के सफलता के नए शिखर छुएगा. मुकेश अंबानी ने कहा कि मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि रिलायंस बंगाल के विकास को गति देने में कोई कसर न छोड़ेगा.
टेलिकॉम और रिटेल बिजनेस का विस्तार
मुकेश अंबानी ने कहा, ‘‘जियो का मजबूत नेटवर्क पश्चिमी बंगाल में रोजगार के साथ बड़े पैमाने पर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और कृषि को बढ़ावा देगा.’’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि रिलायंस की खुदरा इकाई रिलायंस रिटेल अगले 2 साल में पश्चिम बंगाल में करीब 200 नये स्टोर खोलने की योजना बना रही है. अभी रिलायंस रिटेल पश्चिम बंगाल में करीब 1,000 स्टोर बंगाल हैं जो विस्तार के बाद बढ़कर 1,200 हो जाएंगे. मुकेश अंबानी ने कहा, ‘‘हमारे रिटेल कारोबार से बंगाल के सैंकड़ों छोटे एवं मझोले उद्यम और करीब 5.5 लाख किराना दुकानदार जुड़े हैं. नई दुकानें खुलने से उनको फायदा होगा.’’
3 साल में 100 कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र लगाने की योजना
जैव ऊर्जा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रिलायंस अगले 3 साल में 100 कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र लगाएगी जहां 55 लाख टन कृषि अवशिष्ट और जैविक कचरे की खपत होगी. इससे करीब 20 लाख टन कार्बन उत्सर्जन की कटौती में मदद मिलेगी और सालाना 25 लाख टन जैविक खाद का उत्पादन होगा.
रिलायंस फाउंडेशन भी सक्रिय
उन्होंने अपने संबोधन में रिलायंस फाउंडेशन की तरफ से राज्य में किये जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया. इनमें कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर का नवीनीकरण और जीर्णोद्धार भी शामिल है. सदियों पुराने इस मंदिर की मरम्मत और सौंदर्यीकरण का काम रिलायंस फाउंडेशन कर रहा है.
बंगाल में शिल्पकारों की युवा पीढ़ी के लिए रिलायंस फाउंडेशन राज्य सरकार के सहयोग से प्रशिक्षण संस्थान बनाएगा. साथ ही बुनकरों, कारीगरों और हस्तशिल्पियों के उत्पादों को रिलायंस रिटेल की दुकानों के जरिये बेचा जाएगा.

