Google Analytics —— Meta Pixel

मुंगेली : कलेक्टर और एसपी पहुंचे शासकीय महाविद्यालय फास्टरपुर, ली उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी

NEWSDESK
3 Min Read

विद्यार्थियों से रूबरू होते हुए शिक्षा, खेलकूद सहित विभिन्न विषयों पर की चर्चा

लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित

मुंगेली, 12 अगस्त 2023

कलेक्टर श्री राहुल देव पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह के साथ शुक्रवार को फास्टरपुर में शासकीय महाविद्यालय पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने महाविद्यालय में प्राचार्य से चर्चा कर स्थापना वर्ष, संचालित कोर्स, प्राध्यापकों की व्यवस्था, लैब, खेल सामग्री, लाइब्रेरी आदि के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने महाविद्यालय में जरूरी अधोसंरचना विकास के बारे में भी पूछा। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से रूबरू होते हुए उनके शिक्षा, खेलकूद सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्राचार्य को प्रतिवर्ष स्थापना दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के ऐसे विद्यार्थी जो विभिन्न सेवाओं में अच्छे पदों पर पदस्थ है, उन्हें आमंत्रित कर कैरियर मागदर्शन हेतु विद्यार्थियों से इंटरेक्ट कराने का भी सुझाव दिया। उन्होंने 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और अपने मताधिकार का सही प्रयोग करने प्रोत्साहित किया। कलेक्टर और एसपी ने महाविद्यालय परिसर में पौधा का भी रोपण किया और धरती को सदा हरा-भरा रखने का संदेश दिया। साथ ही विद्यार्थियों को श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की समझाईश दी।
कलेक्टर ने प्राचार्य डॉ अखिलेश चंद्र वर्मा और जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री अखिल टोंडर की मांग पर महाविद्यालय तक आने-जाने के लिए एप्रोच रोड, चेन लिंक फेंसिंग, खेल ग्राउंड, लैब में आवश्यक सुविधा, वाहन रखने वाली जगह में फ्लोरिंग, परिसर का सीमांकन आदि के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 2013 में हुई है। यहां स्नातक में बीएससी साइंस, बीए और कॉमर्स कोर्स संचालित है। स्नातकोत्तर की कक्षाएं भी संचालित करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। यहां पिछले वर्ष लगभग 460 विद्यार्थी थे। ग्रन्थालय में विषय से संबंधित 08 हजार से अधिक किताब उपलब्ध है। साथ ही विद्यार्थियों के बैठकर पढ़ने और 15 दिन के लिए किताब घर ले जाने की सुविधा है। राज्य में महाविद्यालय के बच्चों का प्रदर्शन बढ़िया है। एनएसएस बॉयज और गर्ल्स यूनिट भी है। इस अवसर पर एसडीएम मुंगेली सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share this Article