Google Analytics —— Meta Pixel

प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी 26 दिसंबर से पहले हो जाएगी घोषित.

NEWSDESK
2 Min Read

प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी 26 दिसंबर से पहले घोषित हो जाएगी। दिल्ली में कार्यकारिणी को अंतिम रूप दिया गया। कार्यकारिणी छोटी होगी। मुख्य कार्यकारिणी का आकार 50 तक सीमित रह सकता है। सक्रिय वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को बतौर सलाहकार व आमंत्रित सदस्यों के रूप में जगह मिलेगी। इन्हें मिलाकर कार्यकारिणी की कुल सदस्य संख्या 80 तक पहुंच सकती है।

यह तकरीबन साफ हो चुका है कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का आकार बड़ा नहीं होगा। इसे उत्तरप्रदेश की तर्ज पर छोटा ही रखा जाएगा। हालांकि इस सबके बावजूद उत्तरप्रदेश की तुलना में उत्तराखंड में प्रदेश कमेटी का आकार बड़ा ही रहेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने हाईकमान के निर्देश पर प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश की मौजूदगी में कार्यकारिणी को लेकर खासी मशक्कत की। गुरुवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल को उक्त कार्यकारिणी सौंप दी गई है। इसके बाद उत्तराखंड से दिल्ली गए नेताओं ने वापसी की राह पकड़ ली है।

कार्यकारिणी की घोषणा एक-दो दिन में होने की संभावना है। पार्टी वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सिर्फ सक्रिय नेताओं और कार्यकर्ताओं को ही नई कार्यकारिणी में जगह देने जा रही है। बीते दिनों प्रदेश में कांग्रेस संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में भागीदारी करने वालों कार्यकर्ताओं को भी तवज्जो देने का निर्णय लिया गया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि पार्टी के बड़े प्रदर्शनों, रैलियों में सक्रिय भूमिका निभाने वालों की संगठन में दावेदारी पर गौर किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय की चुनौती से निपटने को संगठन की सक्रियता आवश्यक है। प्रदेश कांग्रेस की मुख्य कमेटी का आकार छोटा रखने की उन्होंने पुष्टि की।

Share this Article