Google Analytics —— Meta Pixel

पीएम मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर सीएम बघेल का निशाना, बोले- ‘चुनाव तक ही आएंगे’

NEWSDESK
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण का चुनाव 17 नवंबर को होना है. इसके लिए  बीजेपी (BJP) और कांग्रेस (Congress) के साथ-साथ तमाम पार्टियां चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रही हैं. बीजेपी की ओर से खुद पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) भी चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं. इसी क्रम में प्राधानमंत्री एक बार फिर सोमवार (13 नवंबर ) को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं. पीएम मोदी  मुंगेली (Mungeli) विधानसभा के जमकुही में एक सभा को संबोधित करेंगे. साथ ही पीएम महासमुंद (Mahasamund) में भी सभा करेंगे.

इसी बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने  पीएम नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर उन पर निशाना साधा है. दरअसल मीडिया ने सीएम भूपेश बघेल से पीएम के  छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर सवाल किया तो सीएम बघेल  ने कहा “पीएम को आने दीजिए. पीएम चुनाव तक यहां आएंगे. इससे पहले तो पीएम यहां आए नहीं. कोविड में क्या तकलीफ हुई, पीएम कभी पूछने नहीं आए.  पीएम ने किसानों की तकलीफ, आदिवासियों की तकलीफ कभी नहीं पूछी. पीएम मोदी बस चुनाव के समय ही आते हैं.”

सातवीं बार आ रहे पीएम मोदी

वहीं सट्टा बाजार में कांग्रेस के आगे रहने के सवाल पर सीएम बघेल ने कहा कि ये सब चलता रहता है. बता दें चार महीने के भीतर प्रधानमंत्री सातवीं बार 13 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं. दिवाली के दूसरे ही दिन पीएम की छत्तीसगढ़ में होने वाली सभाएं बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए चिंता का भी कारण बन गई हैं, क्योंकि दिवाली के दूसरे ही दिन पीएम की सभाओं में भीड़ जुटाना उनके लिए किसी चैलेंज से कम नहीं है, लेकिन पार्टी के दिग्गज नेताओं ने पीएम के दौरे की तैयारियों में पूरी ताकत झोंक दी है. गौरतलब है कि प्रदेश में 17 नवंबर को दूसरे चरण की वोटिंग होगी और नतीजे तीन दिसंबर को घोषित किए जाएंगे.

Share this Article