Google Analytics —— Meta Pixel

 पीएम मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज 28 अक्टूबर को वडोदरा आएंगे

News Desk
3 Min Read

वडोदरा| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज आगामी 28 अक्टूबर को वडोदरा शहर के दौरे पर आ रहे हैं। दोनों महानुभावों के आगमन को ध्यान में लेकर वडोदरा महानगर पालिका (वीएमसी-मनपा) द्वारा शहर में पुरजोर तैयारियाँ चल रही हैं। वडोदरा महानगर पालिका द्वारा शहर के मुख्य मार्गों, डिवाइडरों, फुटपाथ तथा सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की जा रही है तथा सड़क-मार्गों का मरम्मत कार्य भी तेज गति से चल रहा है। शहर के सार्वजनिक मार्गों को शोभायमान बनाने के लिए रंगरोगन तथा वृक्षारोपण जैसे कार्य शुरू किए गए हैं। हाल ही में आई बाढ़ आपदा के बाद शहर के मुख्य क्षेत्रों में हुए नुकसान को ठीक करने के लिए वडोदरा मनपा प्रशासन दिन-रात जुटा हुआ है। विशेष रूप से; बाढ़ के कारण धँसी सड़कों तथा बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर पूरी किया जा रहा है। वडोदरा शहर की विशिष्ट पहचान यानी महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय (एमएसयू), कीर्ति मंदिर, न्याय मंदिर एवं लक्ष्मीविलास पैलेस को आकर्षक तथा विशिष्ट लाइटिंग से सजाया गया है और साथ ही वहाँ रंगरोगन भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त; शहर के मुख्य मार्गों के दोनों ओर की दीवारों पर खींचे गए ग्रैफिटी चित्र आकर्षण का केद्र बन रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वडोदरा में महत्वाकांक्षी एयरबस परियोजना का लोकार्पण करने वाले हैं। यह एक ‘मेक इन इंडिया’ प्रोजेक्ट है, जो स्वदेशी विमानों के उत्पादन को बढ़ावा देगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने दो वर्ष पहले 30 अक्टूबर, 2022 को वडोदरा में इस परियोजना का शिलान्यास किया था और ठीक दो वर्ष बाद वे ही इस परियोजना का लोकार्पण करने जा रहे हैं। यह घटना उनके इस वाक्य को पुन: एक बार प्रतिबिंबित करती है कि उनके नेतृत्व वाली सरकार जिस परियोजना का शिलान्यास करती है, उसका लोकार्पण भी करती है। वडोदरा स्थित टाटा एयरबस प्रोजेक्ट भारतीय वायुसेना के लिए परिवहन विमानों का उत्पादन करेगा और रक्षा क्षेत्र में नई उड़ान का निमित्त बनेगा। देश के आर्थिक विकास के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण इस प्रोजेक्ट के लिए जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज वडोदरा आ रहे हैं, तब समग्र विश्व भारत व स्पेन के मित्रतापूर्ण संबंधों का साक्षी बनेगा। उल्लेखनीय है कि भारत तथा स्पेन; दोनों देशों की अत्यंत महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक भी वडोदरा में ही दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच आयोजित होने जा रही है, जिस पर भी समग्र विश्व की निगाहें रहेंगी। इसीलिए शहर में सुरक्षा व्यवस्था की भी विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस कर्मचारियों तथा स्थानीय अधिकारियों द्वारा शहर के प्रत्येक मुख्य क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Share this Article