दीपावली का त्योहार लोग बहुत ही धूमधाम से मनाते हैं. खास कर व्यापारी वर्ग इस दिन माता लक्ष्मी, भगवान गणेश की पूजा आराधना करते हैं, ताकि उनके व्यापार में माता लक्ष्मी की कृपा से उन्नति हो सके. वहीं, ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि दीपावली के दिन कई उपाय हैं, जिसे करने से धन लाभ का योग बनता है और आर्थिक दरिद्रता भी समाप्त होती है. इस दिन यदि आप अपनी तिजोरी में कुछ चीजें रख लें तो धन आवक बनी रहेगी.
देवघर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित नंदकिशोर मुद्गल ने बताया कि इस साल दीपावली 12 नवंबर को मनाई जाएगी. दीपावली के दिन माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और धन के देवता कुबेर की पूजा आराधना पूरे विधि विधान से की जाती है. वहीं, आपके घर या व्यापार में आर्थिक तंगी चल रही है तो दीपावली के दिन कुछ उपाय से ही आपकी दरिद्रता समाप्त हो जाएगी. घर में माता लक्ष्मी की कृपा से सुख समृद्धि बनी रहेगी और व्यापार खूब तरक्की करेगी.
दीपावली के दिन करें यह उपाय
चांदी के सिक्केः दीपावली के दिन माता लक्ष्मी धन के देवता कुबेर और भगवान गणेश की पूजा आराधना करने के बाद चांदी के सिक्के तिजोरी में रखने से आर्थिक लाभ होता है.
पीली कोड़ीः पीली कोड़ी को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है. अगर आप दीपावली के दिन पीली कौड़ी को माता लक्ष्मी के समक्ष चढ़ाएं और पूजा समाप्ति के बाद लाल कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी में रख लें तो साल भर तिजोरी खाली नहीं रहेगी.
गोमती चक्रः दिवाली के दिन गोमती चक्र को हल्दी के साथ लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने से धन की वृद्धि होती है.
सुपारीः दीपावली के दिन लक्ष्मी पूजन में सुपारी को चढ़ाकर कुमकुम लगाएं. वहीं पूजा समाप्ति के बाद सुपारी को लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रख लें. हमेशा धन की बरकत होगी.

