Google Analytics —— Meta Pixel

दिनभर रेड, देर रात IPS अफसर पर FIR:ACB चीफ रहने के दौरान ADG जीपी सिंह ने ब्लैकमेल कर करोड़ों वसूले, मनी लॉन्ड्रिंग और ओडिशा में बेनामी संपत्ति के सबूत मिले

NEWSDESK
5 Min Read

रायपुर– छत्तीसगढ़ के सीनियर IPS और ADG रैंक के अफसर जीपी सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। ACB ने गुरुवार दिनभर रायपुर, राजनांदगांव, ओड़िशा के कुल 15 ठिकानों पर छापेमारी कर जांच की। फिर देर शाम जांच अधिकारियों ने बताया कि सिंह के सरकारी बंगले के अलावा अलग- अलग जगहों पर करोड़ों की अवैध संपत्ति, बड़े लेन-देन, शेल कंपनियों में निवेश करके मनी लॉन्ड्रिंग के सबूत मिले हैं। इन तथ्यों के आधार पर अब अफसर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अफसरों ने बताया कि IPS सिंह की रायपुर के भिलाई राजनांदगांव और ओड़िशा में भी कई जगहों पर बेनामी संपत्तियों की पुष्टि हुई है। ओडिशा की खदानों में जीपी सिंह का पैसा लगा है, इसका खुलासा दैनिक भास्कर ने सबसे पहले किया था।

छत्तीसगढ़ में IPS अफसर पर ACB का शिकंजा:ADGP जीपी सिंह के 10 से ज्यादा ठिकानों पर मारा छापा, फोन रिकार्डिंग के संदेह में कंप्यूटर सिस्टम जब्त; ओडिशा भी पहुंची एक टीम
ओडिशा की खदानों में लगा जीपी सिंह का पैसा !:आयरन ओर खदानों में रायपुर के व्यापारियों के जरिए किया इन्वेस्ट; ACB प्रमुख रहते छापे का डर दिखाकर वसूली बड़ी रकम

सिंह के चीफ रहते एंटी करप्शन ब्यूरो बना हुआ था ब्लैकमेलिंग ब्यूरो
ADG जीपी सिंह इस वक्त छत्तीसगढ़ पुलिस में पुलिस एकेडमी का जिम्मा संभाल रहे हैं। इससे पहले वो खुद ACB के चीफ रह चुके हैं। ACB के मौजूदा अफसरों ने बताया कि जीपी सिंह के खिलाफ अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग के जरिए करोड़ों की प्रॉपर्टी बनाई गई है, इसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद ACB ने जांच शुरू की। कई महीनों तक खूफिया जांच के बाद टीम ने गुरुवार को छापा मारा और अब अफसर पर केस दर्ज हो चुका है। खबर है कि जब जीपी सिंह ACB प्रमुख थे, तब भ्रष्ट अफसरों को कार्रवाई का डर दिखाकर उन्हें ब्लैकमेल किया और रुपए वसूले।

15 घंटों से जारी है जांच, शुक्रवार को भी चलेगी कार्रवाई
ADG जीपी सिंह के घर पर छापा मारने वाली टीम के अफसरों से साफ कर दिया है कि गुरुवार की रात जांच अधिकारी जीपी सिंह के ही घर पर बिता सकते हैं। ये जांच शुक्रवार को भी जारी रहेगी। अफसरों ने ये भी कहा कि अब तक मिले सबूत के आधार पर फिलहाल तो ADG के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मुमकिन है शुक्रवार को इस मामले में और खुलासे होंगे, क्योंकि जांच अब तक पूरी नहीं हो सकी है। ACB की टीम ने गुरुवार को सुबह 6 बजे जीपी सिंह के ठिकानों पर छापा मारा, जो अब तक जारी है।

घर से निकल नहीं सके सिंह, बाहर से पानी मंगवाकर पीते रहे अफसर
रायपुर के पेंशन बाड़ा इलाके में जीपी सिंह का घर है। यहां सुबह 6 बजे 4 SUV और एक कार में 15-20 ACB कर्मचारी पहुंचे। जीपी सिंह तब घर पर ही थे। परिवार दिन की शुरुआत करने जा रहा था। मगर कुछ ही घंटों में शहर में इनके 15 ठिकानों में छापे की खबर फैल गई। IPS के घर के बाहर मीडिया का जमावड़ा था। ACB की टीम ने घर के कर्मचारियों को अंदर-बाहर जाने से मना कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, IPS का मोबाइल फोन भी ACB की टीम ने अपनी निगरानी में रखा था। कुछ सेकंड के लिए जीपी सिंह अपने घर के बरामदे में दिखे फिर वो अंदर चले गए। टीम ने उनके सरकारी मकान के नीचले और ऊपरी हिस्से में रात तक जांच की। बाहर खड़ी कार को भी 10 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने खंगाला। गाड़ी के अंदर मिली फाइलें और कुछ कागज जब्त कर लिए गए। इस बीच कुछ कर्मचारी सरकारी बंगले के अंदर पानी की दर्जनों बोतलें और खाने के पैकेट लेकर जाते दिखते रहे।

Share this Article