Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ : ऑनलाइन शिकायतों के निराकरण में जशपुर नगर पालिका को मिला ए ग्रेड, एप पर एक भी शिकायत पेंडिंग नहीं…

NEWSDESK
2 Min Read

बीते माह ऑनलाइन मिले शिकायत व समस्याओं के निराकरण के मामले में जशपुर नगर पालिका अव्वल रही है। इस मामले में नगर पालिका को ए ग्रेड मिला है। किसी भी समस्या के निराकरण में 75 से 100 प्रतिशत तक काम होने की दशा में ए ग्रेड दिया जाता है। पड़ोसी जिले रायगढ़ और जांजगीर की पालिकाएं इस मामले में पीछे हैं। इन्हें सी व डी ग्रेड प्राप्त हुआ है।


नगरीय निकायों में ऑनलाइन प्राप्त होने की शिकायत व समस्याओं के निराकरण को लेकर नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा ग्रेडिंग किया गया। इसमें प्रदेश के 44 नगर पालिका को शामिल किया गया है। 1 अक्टूबर से 6 नवंबर तक की स्थिति में पालिका को जो शिकायतें प्राप्त हुईं थी उनका निराकरण कैसा रहा इस आधार पर हुई ग्रेडिंग में जशपुर ने ए ग्रेड प्राप्त किया। 


जशपुर पालिका को एक माह के भीतर ऑनलाइन 4 शिकायतें प्राप्त हुईं थी। जिसमें से 3 का निर्धारित समय के भीतर निराकरण करा लिया गया। वहीं एक शिकायत के निराकरण में पालिका को 10 घंटे से अधिक का वक्त लगा। वर्तमान में पालिका को ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों में एक भी प्रकरण लंबित नहीं है।

इन 13 विभागों से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं

  •  सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था
  •  सी और डी वेस्ट
  •  नई नल कनेक्शन
  •  सार्वजनिक जल आपूर्ति
  •  टॉयलेट मेरा अधिकार या टॉयलेट से संबंधित समस्या
  •  ठोस अपशिष्ट प्रबंधन
  •  आवारा पशु
  •  जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र
  •  पेंशन
  •  भवन अनुज्ञा
  •  फोगिंग मशीन के लिए 
  •  राशन कार्ड
  •  पीडब्ल्यूडी जिसमें सड़क, नाली जाम होने जैसी समस्या।

प्राथमिकता से कराते हैं निराकरण
 ऑनलाइन मिलने वाली सभी शिकायत व समस्याओं के निराकरण में कार्रवाई तत्काल शुरू की जाती है। पालिका में ऑनलाइन प्राप्त सभी प्रकरणों का निराकरण करा लिया गया है। जिसके कारण जशपुर पालिका को ए ग्रेड प्राप्त हुआ है।

Share this Article