Google Analytics —— Meta Pixel

कोरोना के मरीजों का सर्वे के साथ पॉजिटिव मरीजों का फालोअप भी ले रही है डॉक्टर्स की टीम

NEWSDESK
2 Min Read

बालाघाट- कोरोना संक्रमित एवं कोरोना के संदिग्ध मरीजों का पता लगाकर उन्हें आइसोलेट करने एवं उनका त्वरित इलाज प्रारंभ करने के लिए कलेक्टर दीपक आर्य द्वारा आरबीएसके एवं आयुष चिकित्सकों की टीम बनाकर उन्हें सर्वे का कार्य सौपा गया है। जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय क्षेत्रों के लिए तीन-तीन टीम बनाई गई है। इन टीमों द्वारा अपने-अपने सेक्टर में सर्वे का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही इन टीमों द्वारा होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना पॉजिटिव मरीजों से संपर्क कर उनका फालोअप भी लिया जा रहा है और जरूरी दवाओं का वितरण भी किया जा रहा है।

आरबीएसके एवं आयुष चिकित्सकों की इन टीमों द्वारा घर-घर जाकर सर्दी, खांसी, बुखार के मरीजों का तापमान एवं आक्सीजन का लेवल चेक किया जा रहा है और कोरोना के संदिग्ध मरीज पाए जाने पर उन्हें तत्काल होम आइसोलेशन में अलग कर दिया जा रहा है। ऐसे मरीजों पर ग्राम आशा कार्यकर्त्ता एवं एएनएम की मदद से निगरानी रखी जा रही है और कोरोना के लक्षण पाए जाने पर उन्हें दवाओं का किट प्रदान किया जा रहा है। 14 अपैल को आरबीएसके चिकित्सकों की टीम ने जिले के 486 परिवारों से संपर्क कर कोरोना के संभावित मरीजों का सर्वे किया। इसमें 308 लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए दवा की किट प्रदान की गई है और 248 लोगों को होम आइसोलेशन में रहने एवं कोरोना टेस्ट कराने की सलाह दी गई है। चिकित्सकों की यह टीम कोरोना पॉजिटिव मरीज जो होम आइसोलेशन में रह रहे हैं उनसे भी संपर्क कर रही है और उन्हें आवश्यकता के अनुसार दवायें एवं परामर्श भी उपलब्ध करा रही है। चिकित्सकों की इन सर्वे टीमों को मरीजों के तापमान की जांच के लिए थर्मल स्केनर एवं आक्सीजन लेवल की जांच के लिए आक्सीमीटर एवं पीपीइ किट भी उपलब्ध कराई गई है।

Share this Article