Google Analytics —— Meta Pixel

उद्योग मंत्री श्री लखमा ने किया वृद्धाश्रम भवन का लोकार्पण : वृद्धाश्रम परिसर में किया गया पौधरोपण

NEWSDESK
3 Min Read

प्रदेश के उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा ने महासमुंद प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 11 में लगभग 32 लाख रूपए से अधिक की लागत से बने सर्वसुविधा युक्त नव निर्मित वृद्धाश्रम भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर महासमुंद के विधायक श्री विनोद चन्द्राकर, बसना विधायक श्री देवेन्द्र बहादुर सिंह, खल्लारी विधायक श्री द्वारिकाधीश यादव, महासमुंद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री पवन पटेल, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या बंसल, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती प्रीति सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
 वृद्धाश्रम के लोकार्पण अवसर पर उद्योग मंत्री श्री लखमा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वृद्धाश्रम किसी भी समाज के मंदिर से बढ़कर है, जिन वृद्ध लोगों का देख-रेख करने वाले कोई नहीं है, उनके लिए यह व्यवस्था की गई है, वृद्ध माता-पिता की सेवा करना हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए होते है, जो अपने परिवारों के साथ नहीं रहते अथवा निराश्रित होते है। जिन वृद्ध लोगों का कोई आश्रय नहीं होता और कोई सहारा देने वाला नहीं होता, उन्हें वृद्धाश्रम के माध्यम से सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा।
 महासमुंद विधायक श्री विनोद चन्द्राकर ने संबोधित करते हुए कहा कि वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिक अपना सुख-दुख आपस में बांट सकेंगे। राज्य शासन द्वारा प्रत्येक व्यक्ति को उच्च जीवन-यापन उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं बनाई गई है। महासमुंद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री पवन पटेल ने कहा कि वृद्ध माता-पिता जिनके कोई आशियाना नहीं है, उनके लिए सर्व सुसज्जित 10 कमरें सहित हाल, किचन, डायनिंग हाल सहित बाथरूम बनाए गए है। इसके अलावा यहां वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत वृद्धाश्रम प्रांगण में अतिथियों द्वारा पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर श्री आलोक चन्द्राकर, श्री राजेन्द्र चन्द्राकर, श्री दाऊलाल चन्द्राकर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।   

Share this Article