Google Analytics —— Meta Pixel

अब भाजपा में लोकतंत्र नहीं : शत्रुघ्न

NEWSDESK
2 Min Read

बिहार के पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने आज कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आंतरिक लोकतंत्र था लेकिन अब उस पार्टी में आवाज उठाने पर खामियाजा भुगतना पड़ता है। सिन्हा ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने भाजपा में रहकर आंतरिक लोकतंत्र के लिए आवाज उठाई थी। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के साथ जो ज्यादती हुई उस पर भी उन्होंने आवाज उठाई थी और शायद उसी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह अपने राजनीतिक गुरु आडवाणी का सम्मान करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। पटनासाहिब से मौजूदा सांसद सिन्हा ने कहा कि आज भाजपा का क्या हाल हो गया है यह किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद बेहतर काम किया है और अब वह इस पार्टी से कहीं जाने वाले नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र में कल का रोड शो ऐतिहासिक रहा। बिहारी बाबू की औकात बताने की बात करने वाले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को कल के रोड शो में लोगों की उमड़ी भीड़ से पता लग गया होगा। बाकी की औकात चुनाव के बाद जनता बता देगी। सिन्हा ने कहा कि आज तक कभी भी उन्होंने कोई ऐसा काम नहीं किया जिससे लोग उन्हें स्वार्थी कह सकें। राजनीति में रहकर उन्होंने कभी आज तक अपने लिए कोई काम नहीं किया बल्कि जनता की आवाज को ही बुलंद किया है। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड के रांची लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी सुबोध कांत सहाय तथा बिहार राष्ट्रीय जनता दल के प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता भी मौजूद थे।

Share this Article